Saturday, 28 July 2018

मॉब लिंचिंग...न कोई विचार न ही कोई सरोकार


मॉब लिंचिंग या भीड़तंत्र ये शब्द आजकल  काफी ट्रेंड कर रहा है। हालांकि ये शब्द तो वर्षों पुराना है। जिससे हम सभी वाकिफ हैं। मगर 21वीं शताब्दी में इसका सामने आना ये  हमें सोचने पर मजबूर करता है।


जब हम छोटे थे तो तेज आंधी या तूफान में अक्सर खुद को संभाल नहीं पाते थे। हमें लगता कि वो तेज आंधी हमे अपने साथ उड़ा कर ले जाएगी। तब हमारे बड़े बुज़ुर्ग हमसे कहा करते कि जब भी ऐसी तेज आंधी या तूफान आए तो हमें एक समूह में दस-पंद्रह लोग के साथ एक-दूसरे का हाथ पकड़कर, किसी एक जगह पर जमीन पर बैठ जाना चाहिए। इससे आंधी गुजर जाएगी और समूह हमारी सुरक्षा भी करेगी।


लेकिन आज के समय में जिस तरह से समूह एक उन्मादी भीड़ में तब्दील होता जा रहा है उससे हमारे भीतर सुरक्षा नहीं बल्कि डर की भावना बैठती जा रही है। ये भीड़ एक ऐसे तंत्र का निर्माण कर रही है जिसे आसान भाषा में भीड़तंत्र भी कह सकते हैं।





इस तंत्र की न तो कोई विचारधारा है न ही कोई सरोकार। ये कहीं भी किसी भी बात पर आक्रामक हो जाती है। इस भीड़ को जिस किसी से भी नफरत या घृणा होती है वो उसे उसी वक्त सजा देने का फैसला कर देती है। इसमें न जाने कितने निर्दोषों ने अपनी जान गवाई है।


आज के इस वैज्ञानिक दौर में भी अगर हम ऐसे समहू का या फिर नफरत का हिस्सा बनते हैं जो किसी की जान तक लेने को उतारू हो जाये तो ये वाकई में हमारे लिए शर्मनाक है।