Friday, 2 October 2020

मजबूर......मजदूर

कोविड 19...एक ऐसा वायरस जिसने आज पूरी दुनिया को तबाह कर दिया है. आम हो या खास हर कोई इसकी चपेट में आ रहा है. लेकिन अगर इससे सबसे ज्यादा कोई प्रभावित हो रहा है तो वो है प्रवासी मजदूर.25 मार्च लागू हुए इस लॉकडाउन के बाद से ही इनके पलायन का सिलसिला शुरू हो गया जो अब भी थमता नहीं दिख रहा. हर रोज़ शहरों से हज़ारों की संख्या में मज़दूरों का पलायन जारी है. इन आँखों में बस घर जाने का सपना छिपा है. प्रसाशन से घर वापसी की सारी उम्मीद टूट चुकी है. अब न कोरोना का डर है , न कानून का खौफ और नहीं हादसों की परवाह. सैंकड़ों किलोमीटर दूर बस घर जाना है.ये वर्ग ऐसा है जो इस कोरोना काल में मज़बूरी, लाचारी, भुखमरी, आर्थिक तंगी और न जाने किन किन चीजों से जूझ रहा है. दो वक्त की रोटी की तलाश में बाहर के राज्यों में कमाने वाले ये लोग आज अपने ही घर लौटने में असमर्थ हैं. किसने सोच था कि ऐसी विपदा आन पड़ेगी और हम इतने बेबस हो जाएंगे. गरीबी और लाचारी से पीड़ित ये मज़दूर जैसे बन पड़ रहा अपने घर की तरफ चले जा रहे हैं. कोई ट्रक से तो कोई ऑटो से...कोई बाइक से तो साइकल से और अगर कुछ भी नहीं मिला तो पैदल ही सही. सबकी मंजिल बस एक ही है अपना घर. वो घर जहां किराये का कोई झमेला न हो और परिवार का भरपुर साथ हो. लेकिन इन मज़दूरों की परेशानी बस इतनी ही नहीं है. परिवार को पालने का सपना देखने वाले ये मज़दूर अपनी लाख कोशिशों के बावजूद भी मंज़िल को पूरा नहीं कर पा रहे हैं. ट्रेन और ट्रक बड़ी आसानी से इन्हें रौंदते चले जाते हैं और इनके हिस्से आती मौत लेकिन इनकी बेबसी और लाचारी का अंत नही होता. 

Monday, 13 April 2020

ज़िंदगी में पॉजिटिविटी का महत्व


पॉजिटिविटी....यानी सकारात्मक सोच यह एक ऐसी चीज़ है जो किसी भी इंसान को अंदर से मज़बूत बनाती है. सिचुएशन चाहे जैसा भी हो, इंसान के अंदर अगर पॉजिटिविटी है तो वह उससे आसानी से बाहर आ सकता है. 

अब सवाल ये है कि मैं इस लॉकडाउन की स्तिथी में ये बातें क्यों कर रही हूं? तो इसका जवाब भी बेहद सरल है. देश में घोषित इस लॉकडाउन के कारण जो जहां था वहीं रह गया, इस बीच कुछ लोग अपने परिवार के साथ हैं, कुछ दोस्तों के साथ, जो आसानी से अपना समय काट रहे है. लेकिन कुछ ऐसे लोग भी हैं जो अकेले रह रहे हैं. उनके लिए ये समय काटना थोड़ा मुश्किल हो रहा होगा, ऐसे में उनके लिए पॉजिटिविटी के मायने अधिक हैं. जाहिर सी बात है कि अकेलेपन में इंसान थोड़ा कमज़ोर पड़ जाता है, नकारात्मक चीजें उनपर हावी होने लगती हैं और शायद यही कारण है कि कुछ लोग डिप्रेशन का शिकार हो जाते हैं. 


ऐसी स्तिथि में पॉजिटिविटी का महत्व काफी बढ़ जाता है. जब भी किसी इंसान को अकेलापन महसूस हो उस  वक़्त उसे अपनी ज़िंदगी की सकारात्मक पहलुओं को याद करना चाहिए. साथ अपना समय उन चीजों में बिताने की कोशिश करनी चाहिए जो वो अपनी ज़िंदगी में करना चाहते थे, मगर किसी कारणवश उससे पूरा नहीं कर पाए . 


कभी-कभी ऐसा होता है कि इंसान एकदम खाली सा महसूस करता है, उस वक़्त उसके पास न तो कोई काम होता है और ना ही पास में कोई बात करने के लिए होता है. ऐसी स्तिथि में एक चीज़ होती है जो कभी भी इंसान को नहीं छोड़ती और वो है उसकी अंतरात्मा. जिसमें इंसान सकारात्मक ऊर्जा भर कर अपने सपनों को पूरा कर सकता है. और यह बेहद सरल कार्य है. इसके लिए बस एक ही चीज़ की जरूरत है और वो है इच्छशक्ति.