Wednesday, 15 August 2018

आजादी बस एक सवाल और कुछ नहीं.....



यूं तो आजादी के 71 साल पूरे हो गए हैं, मगर आज भी सबसे बड़ा सवाल हमारे मन को कचोटता है कि क्या हम वाकई आजाद हैं?...ये सवाल ऐसा है जिसका जवाब बता पाना हम महिलाओं के लिए शायद सबसे कठिन है। आजादी से जुड़े प्रश्न अब उस भयावह दलदल की तरह हो गए हैं, जिसे जितना पूछो वो उतनी ही डरावनी सच्चाई बयां करता है।





आजाद भारत में बड़ी हुई एक भारतीय लड़की होने की वजह से इस सवाल का जवाब शायद मैं उस डर के रूप में महसूस कर सकती हूं, जो रास्तों पर आते-जाते मेरे जहन में होता है। दिन के उजालों में भी एक अजीब खौफनाक सी तस्वीर मेरे सीने की धड़कन को बढ़ाती रहती है कि न जाने कब किस दरिंदे की शिकार हो जाऊं।

देश में एक के बाद एक रेपकांड का उजागर होना इस डर को और बढ़ाता ही जा रहा है। निर्भया कांड के बाद बालिका गृह कांड हो या आसरा कांड ये सभी उस काली सच्चाई को पेश करती है, जिसे सोचते ही आंखे नम और रोंगटे खड़े हो जाते हैं।





न जानें ये कौन से लोग हैं जिनके पास न तो शर्म होती है न इंसानियत और न ही दया भावना। पैसों की लालच में ये लोग बहू-बेटी को बेचने तक को तैयार हो जाते हैं। शायद ये सोच कर की इनके पास दौलत है, शौहरत है, जिससे ये हर किसी का मुंह बंद करा सकते हैं। अपराध की दुनिया में अपने पैर फैला चुके लोग ये भूल जाते हैं कि एक दिन सभी के पाप का घड़ा भरता है और काली करतूत जगजाहीर हो जाती है।





इन सब सवालों का जवाब न तो बीते दशकों में मिला था न वर्तमान में है और न ही भविष्य में आने वाले समय के पास होगा। इस प्रश्न का जवाब न खुद के पास है , न ही परिवार, न ही समाज और नहीं सरकार के पास है। महिला सुरक्षा का सवाल उस सांप के तरह है जो आने वाली हर पीढ़ी की महिलाओं को डसता रहेगा और महिलाएं उस दर्द से कहराते ही नजर आएंगी।