Friday, 2 October 2020

मजबूर......मजदूर

कोविड 19...एक ऐसा वायरस जिसने आज पूरी दुनिया को तबाह कर दिया है. आम हो या खास हर कोई इसकी चपेट में आ रहा है. लेकिन अगर इससे सबसे ज्यादा कोई प्रभावित हो रहा है तो वो है प्रवासी मजदूर.25 मार्च लागू हुए इस लॉकडाउन के बाद से ही इनके पलायन का सिलसिला शुरू हो गया जो अब भी थमता नहीं दिख रहा. हर रोज़ शहरों से हज़ारों की संख्या में मज़दूरों का पलायन जारी है. इन आँखों में बस घर जाने का सपना छिपा है. प्रसाशन से घर वापसी की सारी उम्मीद टूट चुकी है. अब न कोरोना का डर है , न कानून का खौफ और नहीं हादसों की परवाह. सैंकड़ों किलोमीटर दूर बस घर जाना है.ये वर्ग ऐसा है जो इस कोरोना काल में मज़बूरी, लाचारी, भुखमरी, आर्थिक तंगी और न जाने किन किन चीजों से जूझ रहा है. दो वक्त की रोटी की तलाश में बाहर के राज्यों में कमाने वाले ये लोग आज अपने ही घर लौटने में असमर्थ हैं. किसने सोच था कि ऐसी विपदा आन पड़ेगी और हम इतने बेबस हो जाएंगे. गरीबी और लाचारी से पीड़ित ये मज़दूर जैसे बन पड़ रहा अपने घर की तरफ चले जा रहे हैं. कोई ट्रक से तो कोई ऑटो से...कोई बाइक से तो साइकल से और अगर कुछ भी नहीं मिला तो पैदल ही सही. सबकी मंजिल बस एक ही है अपना घर. वो घर जहां किराये का कोई झमेला न हो और परिवार का भरपुर साथ हो. लेकिन इन मज़दूरों की परेशानी बस इतनी ही नहीं है. परिवार को पालने का सपना देखने वाले ये मज़दूर अपनी लाख कोशिशों के बावजूद भी मंज़िल को पूरा नहीं कर पा रहे हैं. ट्रेन और ट्रक बड़ी आसानी से इन्हें रौंदते चले जाते हैं और इनके हिस्से आती मौत लेकिन इनकी बेबसी और लाचारी का अंत नही होता.