डिजाइन इमेज.
बिहार की जनता भले ही ठंड की मार झेल रही है, मगर यहां का राजनीतिक पारा चढ़ता ही जा रहा है. आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने जबसे एनडीए का दामन छोड़ा है तबसे यहां कि राजनीति में कोई न कोई बदलाव हमेशा हो ही रहा है. चाहे वो एनडीए हो, कांग्रेस हो या फिर आरएलएसपी. हर एक के बीच जंग छिड़ चुकी है.
बिहार की सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी नेता तेजप्रताप यादव वृंदावन और मथुरा की यात्रा से लौटते ही पार्टी को तेजी से बढ़ाने में जुट गए हैं. जगह-जगह जनता दरबार लगाकर वे अब जनता की फरीयाद सुनने में लगे हैं.
वहीं, कुशवाहा के एनडीए का दामन छोड़ने से नाराज उनके दो विधायकों ने उनका साथ महागठबंधन में देने से इनकार कर दिया और जेडीयू का दामन थाम लिया. इसे लेकर पार्टी में अंदरुनी कलह जरूर पनपी है.
आजादी बस एक सवाल और कुछ नहीं.....
इधर, कांग्रेस के अंदर भी गहमागहमी मची हुई है. तीन राज्यों में मिली जीत से कांग्रेस का रुतबा फिर से जरूर लौटने लगा है. मगर बिहार में अभी भी स्थिती सुधरी नहीं है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी सहित चार विधान पार्षदों ने साल खत्म होने से पहले ही पार्टी का साथ छोड़ दिया.
और लास्ट बट नॉट द लिस्ट, एनडीए की बात करें तो बिहार में लोकसभा सीट बंटवारे को लेकर घटक दलों के बीच काफी घामासान हुआ. पहले तो सम्मानजनक सीट न मिलने की वजह से उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा अलग हुई. उसके बाद रामविलास पासवान ने भी बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को मनचाही सीट न मिलने पर अलग होने के संकेत दे दिए थे.
हालांकि, नीतीश कुमार, अमित शाह, रामविलास पासवान और एलजेपी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने दिल्ली में बैठक की. इसके बाद एलजेपी को छह सीटें मिल गई. इसके साथ ही रामविलास पासवान को एनडीए के कोटे से राज्यसभा सीट भी दी जाएगी.
हालांकि, महागठबंधन और एनडीए में कौन-सी पार्टी कहां से चुनाव लड़ेगी, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है. बहरहाल, अब साल का अंत होने जा रहा है. वहीं, अगले साल लोकसभा चुनाव भी है. इसे लेकर नए साल में बिहार के सियासत में अभी कई बदलाव नजर आने की उम्मीद है. इन सब के बीच 2019 में यह देखना सबसे अहम होगा कि लोकसभा में किसकी नैया पार लगती है.
