पॉजिटिविटी....यानी सकारात्मक सोच यह एक ऐसी चीज़ है जो किसी भी इंसान को अंदर से मज़बूत बनाती है. सिचुएशन चाहे जैसा भी हो, इंसान के अंदर अगर पॉजिटिविटी है तो वह उससे आसानी से बाहर आ सकता है.
अब सवाल ये है कि मैं इस लॉकडाउन की स्तिथी में ये बातें क्यों कर रही हूं? तो इसका जवाब भी बेहद सरल है. देश में घोषित इस लॉकडाउन के कारण जो जहां था वहीं रह गया, इस बीच कुछ लोग अपने परिवार के साथ हैं, कुछ दोस्तों के साथ, जो आसानी से अपना समय काट रहे है. लेकिन कुछ ऐसे लोग भी हैं जो अकेले रह रहे हैं. उनके लिए ये समय काटना थोड़ा मुश्किल हो रहा होगा, ऐसे में उनके लिए पॉजिटिविटी के मायने अधिक हैं. जाहिर सी बात है कि अकेलेपन में इंसान थोड़ा कमज़ोर पड़ जाता है, नकारात्मक चीजें उनपर हावी होने लगती हैं और शायद यही कारण है कि कुछ लोग डिप्रेशन का शिकार हो जाते हैं.
ऐसी स्तिथि में पॉजिटिविटी का महत्व काफी बढ़ जाता है. जब भी किसी इंसान को अकेलापन महसूस हो उस वक़्त उसे अपनी ज़िंदगी की सकारात्मक पहलुओं को याद करना चाहिए. साथ अपना समय उन चीजों में बिताने की कोशिश करनी चाहिए जो वो अपनी ज़िंदगी में करना चाहते थे, मगर किसी कारणवश उससे पूरा नहीं कर पाए .
कभी-कभी ऐसा होता है कि इंसान एकदम खाली सा महसूस करता है, उस वक़्त उसके पास न तो कोई काम होता है और ना ही पास में कोई बात करने के लिए होता है. ऐसी स्तिथि में एक चीज़ होती है जो कभी भी इंसान को नहीं छोड़ती और वो है उसकी अंतरात्मा. जिसमें इंसान सकारात्मक ऊर्जा भर कर अपने सपनों को पूरा कर सकता है. और यह बेहद सरल कार्य है. इसके लिए बस एक ही चीज़ की जरूरत है और वो है इच्छशक्ति.