आमतौर पर दैनिक जीवन में
हमें किसी न किसी सवाल का सामना करना पड़ता है। कई बार सुबह की शुरुआत ही
सवाल के साथ होती है और शाम भी सवाल के साथ ही ख़त्म होती है। जब हमारी नींद खुलती
है तो सबसे पहले हम यह सोचते है कि आज करना क्या है? और जब
हम नींद से जागते हैं और अपनी दिनचर्या में आगे बढ़ते हैं, तब हमें दूसरों के सवालों का सामना भी करना पड़ता है।
कभी हम अपने आपसे तो कभी दूसरे हमसे सवाल करते है।
पूरे दिन में न जाने कितने सवाल हमारे सामने आते है और हम बिना तैयारी के
आसानी से सारे सवालों का सामना कर लेते है। कुछ सवालों के जवाब हम ख़ुशी-ख़ुशी दे
देते है लेकिनवहीं कुछ सवालों के जवाब हम मज़बूरी में भी देते है।अगर हम अपने जीवन
को गौर से देखेंगे तो खुद को ढेर सारे सवालों से घिरे हुए पाएंगे जैसे क्या ?,क्यों ?,कब ?, कैसे ?, कितना ? और कँहा ? आदि। सवाल से ही गाड़ी आगे बढ़ती है और वाह !,अच्छा
!, ओ हो !, सच ! ठीक है, पर
ख़त्म हो जाती है।
कुछ सवाल हमारी जरूरत के
होते हैं तो कभी कुछ सवाल हमारी परेशानी का कारण बन जाते हैं। प्रत्येक सवाल का
अपना एक अलग ही महत्व होता है और उसका अपना ज़वाब भी । अगर जीवन-चक्र को
हम ध्यान से देखें तो जन्म से लेकर मृत्यु तक सवाल ही सवाल दिखते हैं। एक बच्चा जब जन्म लेता है तो सब पूछते हैं‘लड़का है या लड़की?’ धीरे-धीरे
वही बच्चा जब बड़ा होता तो सबसे पहले शब्दों को सुनकर बोलना सीखता है।फिर टूटे
शब्दों को जोड़कर वाक्य बनाने की कोशिश करता है। दरअसल,शुरुआती दौर में तो बच्चा प्रश्नों जैसे वाक्य को
सुनकर थोड़ा समय लेकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करता है। लेकिन उसके बाद वो प्रश्न
वाले वाक्यों को गढ़ने की कोशिश भी करने लगता है। जब बच्चा स्कूल पहुँचता है
तो उसमेंप्रश्न करने की क्षमता धीरे-धीरे विकसित होने लगती है। क्योंकि उसे कई
सवालों से गुजरना पड़ता है जैसे शिक्षक सवाल पूछता हैं। ‘तुमने होमवर्क किया ?,अपना
पाठ याद किया ?’ आदि । कभी माँ बच्चे से स्कूल से आने के बाद पूछती है
कि वर्दी गंदी कैसे हो गई?,आज टिफ़िन क्यों नहीं खाया ? आदि । बचपन में इन सवालों के उत्तर देना उतना आसान
नहीं था जितना कि अब हम समझते है। या यूँ कहे कि उस समय सवाल की महत्ता की समझ नहीं थी। परन्तु
बच्चा ये जरूर सीख जाता कि प्रश्न कब पूछना चाहिए ? और
धीरे-धीरे पता ही नहीं चलता है कि कब सवाल हमारे जीवन-चक्र का महत्पूर्ण अंश बन
जाते हैं।
हम
देखते हैं कि युवावस्था में सवालों की दुनिया ही बदल जाती है। लड़कों और लड़कियों के
अगल-अलग सवाल गढ़े जाते हैं। कभी-कभी सवालों के प्रकोप से हम असहनीय भी हो जाते
हैं। एक लड़की जब सड़क पर अकेली निकलती है तो न जाने कितनी नज़रे उससे सवाल कर रही
होती है जैसे ‘क्या वह अकेली है?, अकेली
कहाँ जा रही है ?, कब तक वापस आ जाएगी ? इत्यादि
। अगर उसके साथ कोई है तो लोगों के सवाल बदल जाते हैं जैसे
‘किसके साथ घूम रही है?,क्या
लड़की को इतनी आज़ादी देना ठीक है ? आदि । दरअसल,सवालों के जवाब स्थिति और परिस्थितियों पर भी निर्भर
करते है जैसे अगर हमारा मूड ख़राब हो तो कोई चाहे कितने ही प्यार से हमसे सवाल
पूछता है लेकिन हमारा जवाब देने के तरीके में कभी-कभी आक्रोश की झलक भी आ जाती है
। प्रत्येक सवाल का अपनाही एक जवाब होता है जो कभी पूरी तरह हमें चुप करा देता है
तो कभी बेवजह वक़्त जाया करने का जरिया बन जाता है। एक
बेरोजगार इंसान खुद इस सवाल से परेशान रहता है कि ‘वह
क्या करे ?’ दूसरी ओर समाज के सवाल भी उसका पीछा नहीं छोड़ते हैं।
कुछ सवालतो बड़ी संवेदनशीलता के साथ पूछे जाते है लेकिन कुछ भावनाओं को आहत
पहुंचाते हैं जैसे ‘अच्छा ! बी. टेक हो गया ?,अब किसी परीक्षा की तयारी कर रहे हो?, रिजल्ट आ गया क्या? और
नौकरी मिली या नहीं? इत्यादि। नौकरी के साथ-साथ आजकल सोचने का मौका भी
आरक्षित होता जा रहा है क्योंकि हमें सपने भी सोच- समझ कर देखने पड़ेंते हैं। आज भी हमारा सामना कुछ ऐसे सवालों से हो जाता है
जिसका जवाब हम सोच-समझकर देते हैं या यूँ कहें कि हम अपनी समझ को ध्यान में रखते
हुए उनके जवाब देते है। जब भी हम जवाब देने की स्थिति में पहुँचते हैं तो उस समय
हमारी समझ और सजगता का आपस में सामंजस्य होना जरूरी है। बिना सोचे-समझे जबाब देने
से कई बार हम मुसीबत में भी पड़ जाते हैं। सवाल-जवाब करने में समझ और अनुभव दोनों
का अहम योगदान होता है।अगर हम समझ की बात करें तो येअनुभव पर निर्भर करता है कि
जितना ज्यादा अनुभव उतनी ज्यादा समझ। कभी-कभी सवालों के जवाब से ज्यादा महत्वपूर्णठीक
सवाल पूछना लगता है परन्तु सवाल पूछना उतना आसान नहीं है जितना हम समझते है। एक
सवाल जितना अनुभव पर आधारित होता है उससे कहीं ज्यादा समझ पर होता है। नौकरी लगने पर भी सवालों का सिलसिला ख़त्म नहीं होता
है। उसके बाद जीवन में एक नया मोड़ आता है जहाँ से व्यवाहिक सफ़र शुरू होता है और
फिर न जाने कितने सवालों के अथाह सागर मिलते हैं । कभी पति-पत्नी के बीच नोक-झोंक,तो कभी बच्चों की समस्याओं की उलझन। कई सवाल तो ऐसे
स्थितियां भी पैदा करते हैं जैसे एक तरफ कुआँ और दूसरी तरफ खाई। कभी हम ऐसे सवालों
के जवाब दे पातें है और कभी जवाब न देने के उपाए ढूंढ लेते है। सवाल यही तक हमारा
पीछा नहीं छोड़ते हैं बल्कि बुढ़ापे में लाठी का सहारा भी बन जाते हैं। फर्क सिर्फ
इतना होता है कि उस वक़्त हमारे पास खुद भी कईसवाल होते है जिसका जवाब कभी मिलता है
और कभी कहीं गुम हो जाता है।वह बहुत खुशनसीब और संतुष्ट इंसान होता है जो अपने
सारे सवालों के जवाब लेकर जाता है और पूछे गए सवालों के जवाब दे कर जाता है।हम
बचपन से ये सुनते आए हैं कि अच्छे काम करने से स्वर्ग मिलता है और बुरे कम करने से
नर्क। ये कहाँ तक सच है? यह अपने आप में एक सवाल है। जीवनकी सार्थकता भी
सवालों पर निर्भर हैऔर यही नहीं मृत्यु तक सवाल हमारे साथ रहते हैं। उसके बाद भी
सवाल पूछे जाते रहते हैं परन्तु कुछ महत्वपूर्ण सवाल यह है कि ‘कौन से सवाल पूछे जाने चाहिए?,सवालोंका यह चक्कर कब तक चलता रहेगा?क्या इसका कोई हल? या
जीवन कासफ़र यूँ ही बस सवालों के
साथ चलता रहेगा?

No comments:
Post a Comment